पठानकोट में कैश एग्जीक्यूटिव पर हेराफेरी का मामला दर्ज:अमेज़न से वसूले ₹3.34 लाख में से मात्र ₹91 हजार बैंक में जमा कराए, आरोपी फरार
पठानकोट के थाना डिवीजन नंबर 2 के अंतर्गत एक कैश मैनेजमेंट कंपनी के कर्मचारी द्वारा कंपनी के लाखों रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है। कैश मैनेजमेंट कंपनी के मैनेजर की शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान सूरज निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पठानकोट के तौर पर हुई है।
शिकायतकर्ता अमरजीत सिंह निवासी अमृतसर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वो अमृतसर स्थित रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज लिमिटेड में बतौर मैनेजर कार्यरत है।
मैनेजर ने पुलिस को बताया कि आरोपी सूरज पिछले तीन वर्षों से उनकी कंपनी में कैश एग्जीक्यूटिव के रूप में काम कर रहा था। सूरज का मुख्य काम अमेज़न, बजाज, बाटा, और पैंटालून्स जैसे विभिन्न आउटलेट्स से कैश कलेक्ट करके उसे कंपनी के बैंक खातों में जमा कराना था। 2.42 लाख से अधिक की हेराफेरी
शिकायत के अनुसार, 29 मई को आरोपी सूरज ने अमेज़न आउटलेट से 3,34,995 रुपए कलेक्ट किए। लेकिन इस कुल राशि में से उसने बैंक में केवल 91,768 ही जमा कराए और शेष 2,42,527 की राशि अपने पास ही रख ली। कंपनी के खाते में यह राशि आज तक जमा नहीं कराई गई है। घटना का पता चलने पर शिकायतकर्ता अमरजीत सिंह ने 30 मई को आरोपी और उसके परिवार से मुलाकात की। उस समय आरोपी और उसके परिजनों ने 4 जून तक पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया था।
निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद जब 4 जून को कंपनी अधिकारियों ने आरोपी सूरज से दोबारा संपर्क किया, तो उसने पैसे होने की बात से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद कंपनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। थाना डिवीजन 2 के मुताबिक मैनेजर की शिकायत और शुरुआती जांच के बाद आरोपी सूरज के खिलाफ कानूनी मामला दर्ज कर लिया गया है। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है। पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार करेगी।
Source link

