पलवल में वार्ड बॉय ने की गर्भवती महिला से छेड़छाड़:परिजनों ने हंगामा किया, पुलिस पहुंचने से पहले आरोपी फरार; एसएमओ ने किया सस्पेंड
पलवल के होडल नागरिक अस्पताल में डिलीवरी के लिए आई एक महिला से वार्ड बॉय ने छेड़छाड़ की। महिला ने तुरंत अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने घटना के बाद हंगामा किया और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वार्ड बॉय मौके से फरार हो गया। अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजीव तोमर ने आरोपी वार्ड बॉय को सस्पेंड कर दिया है। शिकायत के मुताबिक, रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच महेंद्र नामक वार्ड बॉय महिला के बेड के पास पहुंचा। उसने महिला के शरीर पर हाथ फेरते हुए उसका हाथ पकड़ा और अश्लील हरकतें करने लगा। महिला के शोर मचाने पर अस्पताल के अन्य कर्मचारी वहां पहुंच गए। परिजनों ने किया अस्पताल में हंगामा घटना के बाद परिजनों ने जमकर कर्मचारी के खिलाफ अपनी भड़ास निकालते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बाद में महिला के परिजनों ने डायल 112 पुलिस को मौके पर बुला लिया। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वार्ड बॉय मौके से फरार हो गया। पीड़ित महिला ने घटना की शिकायत अस्पताल प्रबंधन को दी। अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजीव तोमर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस को भी इसकी शिकायत दे दी गई है। इस मामले में कोई ढिल नहीं दी जाएगी, क्योंकि यह मामला गंभीर है।
Source link

