पलामू में बच्ची से दुष्कर्म, 68 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार:घटना के बाद आक्रोशितों ने किया सड़क जाम, पुलिस ने लोगों को कराया शांत
पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में साढ़े चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 68 वर्षीय आरोपी विद्या साव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना 30 अप्रैल को हुई थी, जिसके बाद गुरुवार को आरोपी ने दोबारा बच्ची को बहलाने का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार, आरोपी विद्या साव ने 30 अप्रैल को बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया था। इससे बच्ची को आंतरिक शारीरिक पीड़ा हुई। गुरुवार को आरोपी ने फिर चॉकलेट का लालच देकर बच्ची को अपने घर ले जाने की कोशिश की। पीड़िता की मां ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी बच्ची डरकर अपनी मां के पास भागी और पूरी घटना बताई। पीड़िता की मां ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। घटना से आक्रोशित मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद सिनेमा मोड़ के पास एनएच 139 पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया और आवागमन बहाल करवाया। छतरपुर एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए मेदिनीनगर भेजा गया है, जबकि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Source link

