पारा 41.9 डिग्री, वन्यजीवों को फ्रूट आइसक्रीम खिला रहे:उदयपुर में रातें भी गर्म हुई, बोहरा समाज ने गर्मी में 5300 गिलास छाछ पिलाई
उदयपुर में तापमान बढ़ता जा रहा है और आज एक डिग्री से. तापमान बढ़ गया। शहर के सज्जनगढ़ बायोलोजिकल पार्क में वन्यजीवों के खानपान में बदलाव करते हुए ‘फ्रूट आइसक्रीम’ दी जा रही है। इधर, बोहरा समाज ने शहर में गर्मी से बचने के लिए छाछ वितरण किया। उदयपुर में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं के कारण दिनभर लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में आवाजाही भी कम दिखाई दी। इससे एक दिन पहले यानि 22 मई को उदयपुर का अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ऐसे में एक ही दिन में दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। तापमान 40 डिग्री के पार बने रहने और गर्म रातों का दौर जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। इधर, भीषण गर्मी के बीच शहर के सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में वन्यजीवों को गर्मी से बचाने के लिए खास प्रबंध किए गए है। वन्यजीवों को लू और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए उनके खानपान में बदलाव किया गया है। बायो पार्क के वन्यजीव चिकित्सक डॉ हिमांशु व्यास ने बताया कि भालुओं को ठंडक का अहसास कराने के लिए खासतौर पर ‘फ्रूट आइसक्रीम’ खिलाई जा रही है। बायो पार्क के क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रभु लाल मीणा ने बताया कि भालुओं को फ्रूट आइसक्रीम के साथ-साथ तरबूज, अंगूर और केले दिए जा रहे हैं। हिरण सहित अन्य शाकाहारी जीवों की डाइट में खीरा, ककड़ी, तरबूज शामिल किए गए हैं। शेर, बाघ, पैंथर जैसे मांसाहारी जीवों को ‘चिकन पॉप आइसक्रीम’ दी जा रही है। डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए पीने के पानी में ग्लूकोज और इलेक्ट्रॉल मिलाया जा रहा है। जानवरों के एंक्लोजर के तापमान को नियंत्रित करने के लिए बाड़ों में कूलर और फव्वारे लगाए गए हैं। इधर, बढ़ती गर्मी के बीच दाऊदी बोहरा समाज ने एक पहल करते हुए उदयपुर के देहलीगेट चौराहा पर छाछ का वितरण किया। दाऊदी बोहरा समुदाय के धर्मगुरु सैयदना ने मुंबई से संदेश दिया कि गर्मी को परास्त किया जाए। सैयदना का संदेश है कि जो घर से बाहर निकले उनको छाछ पिलाया जाए। इस अमृत से आमजन को ठंडक देने का प्रयास किया जा रहा है। उदयपुर में समाज के शब्बीर भाई मुस्तफा ने बताया कि समाज जनों ने इस दौरान 5300 गिलास छाछ का वितरण करते हुए भरी गर्मी में आमजन को राहत दिलाई।
Source link

