फरीदकोट में किसानों का जेल भरो आंदोलन जारी:बठिंडा से आए 28 किसानों ने दी गिरफ्तारी; महिला जत्थे भी जल्द देंगी गिरफ्तारियां




फरीदकोट। भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर का अपनी मांगों को लेकर जेल भरो आंदोलन शुक्रवार को भी जारी रहा। बठिंडा जिले से पहुंचे 28 किसानों के जत्थे ने मिनी सचिवालय पहुंचकर गिरफ्तारियां दीं। पुलिस ने एसडीएम के निर्देश के बाद सभी किसानों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। संगठन ने आने वाले दिनों में महिला किसानों के जत्थों की ओर से भी गिरफ्तारियां देने का ऐलान किया है। किसान नेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। जानकारी के अनुसार, बीकेयू एकता सिद्धूपुर की ओर से फरीदकोट सहित पंजाब के 12 जिलों में लैंड मॉर्गेज बैंकों के बाहर पिछले करीब पांच महीनों से रोजाना धरना दिया जा रहा है। किसानों की प्रमुख मांग है कि अन्य बैंकों की तर्ज पर लैंड मॉर्गेज बैंकों में भी वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना लागू की जाए। इसके अलावा किसानों ने कर्ज देते समय लिए गए खाली चेक वापस करने की मांग की है। किसानों का आरोप है कि इन खाली चेकों का कथित रूप से दुरुपयोग कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन इसी संघर्ष के तहत 29 अगस्त को किसानों ने फरीदकोट में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शन से पहले ही करीब 200 किसानों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद संगठन ने जेल भरो आंदोलन शुरू किया और रोजाना जत्थों के रूप में किसान गिरफ्तारियां दे रहे हैं। संगठन के जिला महासचिव इंद्रजीत सिंह घनियां ने कहा कि सरकार मांगें मानने के बजाय अब किसानों को जेल से रिहा कर रही है। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले फरीदकोट जेल से कुछ किसानों को रिहा किया गया था। संगठन का दावा है कि उसके कार्यकर्ता किसी भी स्थिति में जमानत नहीं लेंगे और मांगें पूरी होने तक रोजाना जत्थों के रूप में गिरफ्तारियां देते रहेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!