फरीदाबाद पुलिस ने पुजारी हत्याकांड में दो आरोपी अरेस्ट:नशा करने से रोकने पर सर पर सिल बट्टा मारा, लूट दिखाने को सामान चोरी किया
फरीदाबाद के सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में मंदिर के पास पुजारी की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मंदिर परिसर के पास बैठकर नशा कर रहे युवकों को पुजारी ने रोकने की कोशिश की थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने पास में रखा सिल बट्टा पुजारी के सिर पर मार दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए कहीं भागे नहीं, बल्कि शहर में बेखौफ ऑटो चलाते रहे। पुलिस अब उनके दो अन्य साथियों की तलाश कर रही है। मंदिर में अकेले रहते थे पुजारी क्राइम एसीपी अमन यादव ने बताया कि मृतक की पहचान 55 वर्षीय ओमप्रकाश यादव के रूप में हुई थी। वह करीब एक साल से सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में बने मंदिर में अकेले रहकर पूजा-पाठ करते थे। 31 अगस्त की रात करीब 10 बजे चार युवक मंदिर के पास बैठकर नशा कर रहे थे। पुजारी ने उन्हें मंदिर परिसर के पास नशा करने से मना किया। रोकने पर सिर में मारा सिल बट्टा पुलिस के मुताबिक, पुजारी के टोकने पर युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने पास में रखा सिल बट्टा उठाकर ओमप्रकाश यादव के सिर पर दे मारा। गंभीर चोट लगने से पुजारी की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मंदिर से कुछ सामान भी अपने साथ ले गए, ताकि घटना को लूट की वारदात का रूप दिया जा सके। हत्या के बाद ऑटो चलाते रहे आरोपी पुलिस जांच में इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया कि हत्या के बाद दोनों आरोपी शहर छोड़कर भागे नहीं। दोनों सामान्य तरीके से ऑटो चलाते रहे। पुलिस ने जांच के दौरान दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मथुरा, उत्तर प्रदेश निवासी 20 वर्षीय आशिफ उर्फ टीटी और राजस्थान के जुरहेड़ा निवासी 34 वर्षीय आशिफ उर्फ कालिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों नशे के आदी हैं और वारदात के समय भी नशे में थे। दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश मामले की जांच पहले स्थानीय पुलिस कर रही थी, बाद में इसे क्राइम ब्रांच डीएलएफ को सौंपा गया। टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उनके दो अन्य साथियों की तलाश में जुटी है, जो वारदात के समय उनके साथ मौजूद थे। टीटी पर पहले से तीन मामले दर्ज क्राइम एसीपी अमन यादव ने बताया कि आरोपी आशिफ उर्फ टीटी के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट का एक और चोरी के दो मामले शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके फरार साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
Source link

