फर्जी दस्तावेजों से स्कॉर्पियो खरीदने का आरोपी गिरफ्तार:बिजनौर में बड़े कारोबारी के बेटे पर फोटो-आधार दुरुपयोग का आरोप, धाराएं बढ़ीं
बिजनौर शहर कोतवाली पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्कॉर्पियो-एन वाहन खरीदने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी शहर के एक बड़े कारोबारी का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में साक्ष्य मिलने के बाद गुरुवार को मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी हैं। यह मामला नई दिल्ली के जामिया नगर, ओखला स्थित बटला हाउस निवासी रुखसार पत्नी फरहान पुत्री इजहार की शिकायत पर दर्ज किया गया था। रुखसार ने आरोप लगाया था कि फरहान, सलीम पुत्रगण जहीर अहमद (निवासी मोहल्ला बुखारा, बिजनौर) और अलका यादव (निवासी मेरठ) ने उनके फोटो और आधार कार्ड का दुरुपयोग किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने महिंद्रा कंपनी के कर्मचारियों को गुमराह करते हुए उनके नाम से कूटरचित हस्ताक्षर कर स्कॉर्पियो-एन वाहन खरीदा था। तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और गुरुवार को आरोपी फरहान पुत्र जहीर अहमद को मोहल्ला बुखारा से गिरफ्तार कर लिया। फरहान को शहर के बड़े लोहा कारोबारी जहीर रौनक वाले का बेटा बताया जा रहा है। शहर कोतवाल अवनीत मान ने बताया कि प्रकरण के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
Source link

