बरवाअड्डा पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया भंडाफोड़:4 गिरफ्तार, 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद; आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल
धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि दो संदिग्ध युवक चोरी की बाइक के साथ किसान चौक की ओर जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया। किसान चौक के पास इन दोनों युवकों को रोका गया और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वे चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़े गए। पकड़े गए युवकों से पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुजीत कुमार महतो, मुकेश कुम्हार, श्यामलाल महतो और विजय महतो उर्फ हरिलाल महतो के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सभी गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी, ट्रक चोरी और डकैती जैसी वारदातों में शामिल रहे हैं। वे कई बार जेल भी जा चुके हैं। बरामद की गई मोटरसाइकिलों में से कुछ वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं थे। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
Source link

