ब्यावर नगर परिषद आयुक्त श्रवण राम सस्पेंड:नियम विरुद्ध ले-आउट प्लान स्वीकृत करने पर हुई कार्रवाई, जयपुर किया मुख्यालय
ब्यावर नगर परिषद के आयुक्त श्रवण राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर अपने क्षेत्राधिकार से बाहर जाकर नियम विरुद्ध और अनियमित तरीके से ले-आउट प्लान स्वीकृत करने का आरोप है। स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक द्वारा जारी आदेश के अनुसार श्रवण राम के खिलाफ इस मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित है। उन्हें राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 13(1) के तहत मिली शक्तियों का उपयोग करते हुए निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान श्रवण राम का मुख्यालय स्थानीय निकाय विभाग निदेशालय, जयपुर रहेगा। नियमानुसार देय जीवन निर्वाह भत्ते का भुगतान नगर परिषद ब्यावर द्वारा किया जाएगा। यह निलंबन आदेश स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक जुईकर प्रतीक चंद्रशेखर ने जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Source link

