भाजपा नेता सुदामा मिश्रा का निधन:दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष थे, हृदयाघात से हुई मृत्यु

भाजपा नेता सुदामा मिश्रा का निधन:दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष थे, हृदयाघात से हुई मृत्यु




बहराइच में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मां दुर्गा हिन्दू पूजन महासमिति के अध्यक्ष सुदामा मिश्रा (67) का हृदयाघात से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने इसे अपूरणीय क्षति बताया है। शुक्रवार को त्रिमुहानी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। सुदामा मिश्रा अपने सरल स्वभाव, सौम्य व्यक्तित्व और मजबूत संगठन क्षमता के लिए पूरे जनपद में जाने जाते थे। वे वर्षों से भाजपा संगठन और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनके निधन के बाद अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास पर सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा। भाजपा पदाधिकारियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। सुदामा मिश्रा ने वर्ष 1985 में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण के कारण उन्हें समय-समय पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उन्होंने 1989 में वार्ड चुनाव संयोजक, 1991 में वार्ड अध्यक्ष और 1995 में सहकारिता प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वर्ष 1997 में उन्होंने स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी संभाली और 2000 में पुनः वार्ड चुनाव संयोजक बनाए गए। वर्ष 2004 से 2007 तक भाजपा नगर अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने संगठन को नई मजबूती प्रदान की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 2008 से 2010 तक जिला मीडिया प्रभारी, 2010 में जिला संयोजक (चुनाव प्रबंधन) और 2012 में सदर विधानसभा चुनाव संयोजक के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजनीति के साथ-साथ सुदामा मिश्रा धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भी अग्रणी भूमिका निभाते थे। वे मां दुर्गा हिन्दू पूजन महासमिति के अध्यक्ष भी थे, जिसके माध्यम से उन्होंने धार्मिक आयोजनों में सक्रिय योगदान दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!