भोला महादेव मंदिर में रेलिंग की मांग तेज:बढ़ती भीड़ से अव्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं ने एसडीएम से लगाई गुहार
धौलपुर जिले के प्रसिद्ध राजरामेश्वर भोला महादेव मंदिर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं ने व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उन्होंने सैपऊ एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मंदिर परिसर में स्थायी रेलिंग और बैरिकेडिंग लगाने का आग्रह किया। श्रद्धालुओं का कहना है कि उचित व्यवस्थाओं के अभाव में दर्शन के दौरान धक्का-मुक्की, विवाद और चोरी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। ज्ञापन में बताया गया कि लक्खी मेले, सावन माह के प्रत्येक सोमवार और फाल्गुन मास के विशेष अवसरों पर हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। अत्यधिक भीड़ के कारण मंदिर परिसर में अव्यवस्था फैल जाती है, जिससे विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी होती है। भीड़ में होती है चोरियां
श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि अव्यवस्थित भीड़ के कारण अक्सर आपसी कहासुनी और झगड़े होते हैं। असामाजिक तत्व भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के सोने के आभूषण चोरी कर लेते हैं। पूर्व में भी सोने की चेन चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे श्रद्धालुओं में चिंता है। मंदिर के महंत श्री लोकेन्द्र पुरी और मंदिर से जुड़े अन्य लोगों ने इस मांग का समर्थन किया है। उनका कहना है कि रेलिंग और बैरिकेडिंग से श्रद्धालु कतारबद्ध होकर सुरक्षित और सुगमता से दर्शन कर पाएंगे। इससे धक्का-मुक्की, विवाद और चोरी जैसी घटनाओं पर भी प्रभावी रोक लगेगी। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से आगामी सावन माह से पहले स्थायी रेलिंग और बैरिकेडिंग लगवाने की मांग की है। उनका उद्देश्य है कि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा मिल सके। ज्ञापन सौंपते हुए उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई, ताकि आगामी धार्मिक आयोजन सुचारु और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सकें।
Source link

