मऊगंज में घायल की 8 महीने बाद मौत:तेज रफ्तार बाइक ने मारी थी टक्कर, 15 जनवरी को महेवा मोड़ पर हुआ था हादसा




मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर घायल एक व्यक्ति की करीब 8 महीने तक इलाज के बाद मौत हो गई। मृतक 15 जनवरी 2026 को हुए सड़क हादसे के बाद से गंभीर हालत में था और कई महीनों तक इलाज के बाद भी उसे होश नहीं आया। मंगलवार सुबह घर पर उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी भेज दिया है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान रामखेलावन साकेत उर्फ दद्दू (55) के तौर पर हुई है। वह नईगढ़ी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के रहने वाले थे और उनके पिता का नाम द्वारिका प्रसाद साकेत है। उनकी पत्नी सुनीता साकेत के अनुसार, 15 जनवरी 2026 को उनके पति घर से महेवा की ओर गए थे। दोपहर करीब 2 बजे गांव के सचिव संतोष कुमार साकेत ने फोन कर बताया कि महेवा-बरा मोड़ के पास मोटरसाइकिल क्रमांक MP17 ZF 5761 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए रामखेलावन को टक्कर मार दी थी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई थी और वह मौके पर ही बेहोश हो गए थे। उन्हें पहले नईगढ़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल रीवा भेज दिया। परिजनों ने कई महीनों तक अस्पताल में उनका इलाज कराया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी घर पर इलाज जारी रहा, लेकिन रामखेलावन को होश नहीं आया। सुनीता साकेत ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। उन्होंने पुलिस को बताया कि पति की मौत सड़क हादसे में सिर पर आई गंभीर चोटों के कारण हुई है। चौकी प्रभारी अनंत विजय सिंह ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी भेजा गया है। पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!