मचकुंड में मृत मिली बुजुर्ग महिला की पहचान हुई:ससुर के श्राद्ध से पहले स्नान करने गई थीं, परिवार ने बिना पोस्टमार्टम के लिया शव
धौलपुर के तीर्थराज मचकुंड में शनिवार को मिली बुजुर्ग महिला के शव की पहचान हो गई है। मृतका मोहन कॉलोनी निवासी 90 वर्षीय महादेवी पत्नी द्वारिका प्रसाद थीं। परिजनों ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि महादेवी अपने ससुर का श्राद्ध करने से पहले मचकुंड में स्नान करने गई थीं। आशंका है कि नहाते समय उनका पैर फिसल गया या वे पानी में डूब गईं। परिवार को उनके डूबने की जानकारी नहीं मिल पाई थी। शनिवार को उनका शव मचकुंड सरोवर में तैरता मिला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया था। पहचान होने पर परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया और पुलिस से शव अपने साथ ले जाने की अनुमति मांगी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जरूरी कार्रवाई की।
Source link

