महेंद्रगढ़ SDM ने नगर पालिका को सौंपे 10 नए डस्टबिन:प्राइवेट कंपनी ने दान किए, गोबर डालने पर काटा जाएगा चालान
महेंद्रगढ़ में स्वच्छ भारत मिशन के तहत एसडीएम योगेश सैनी ने शुक्रवार को लघु सचिवालय परिसर में नगर पालिका को 10 नए डस्टबिन सौंपे। ये डस्टबिन आस्था इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दान किए गए हैं। इस अवसर पर नगर पालिका चेयरमैन रमेश सैनी भी मौजूद रहे। एसडीएम योगेश सैनी ने बताया कि नगर पालिका इन सभी डस्टबिन को शहर के 10 नए चिह्नित स्थानों पर रखेगी। इसका उद्देश्य सड़कों पर गंदगी फैलने से रोकना और नागरिकों को कचरा डस्टबिन में डालने के लिए प्रोत्साहित करना है। इन स्थानों पर रखे जाएंगे डस्टबिन नगर पालिका ने इसके लिए हुड्डा पार्क, बस स्टैंड के सामने, नहर कॉलोनी, रेलवे स्टेशन, पुरानी रामलीला, जवाहर नगर सरकारी स्कूल के पास, वेंकटेश्वर वाला मंदिर के पास, आजाद कॉलोनी, सब्जी मंडी गेट और सैनी सभा सहित 10 स्थानों का चयन किया है। ये डस्टबिन सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डालने के लिए दो भागों में विभाजित किए गए हैं, ताकि नागरिक कचरे का उचित निपटान कर सकें। इन डस्टबिन की नियमित सफाई नगर पालिका द्वारा कराई जाएगी। डस्टबिन में गोबर डालने पर होगी कार्रवाई : एसडीएम एसडीएम ने नागरिकों से शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने और कचरा प्रबंधन में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कचरा केवल डस्टबिन में ही डालें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति इन डस्टबिन में पशुओं का गोबर डालता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और चालान भी किया जाएगा। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे इन डस्टबिन का प्रयोग केवल घर का गीला व सूखा कचरा डालने के लिए करें। एसडीएम ने यह भी बताया कि शहर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का काम भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खुले में कचरा फेंकने वाले व्यक्तियों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
Source link

