मोहाली में प्रॉपर्टी विवाद में जीजा की हत्या:साले ने चाकू से गले और पीठ पर किए कई वार, मौके से फरार; पुलिस ने केस दर्ज किया
मोहाली में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर साले ने दोस्त के साथ मिलकर जीजा की हत्या कर दी। आरोप है कि दोनों ने अमनदीप सिंह को घेरकर उसके गले और पीठ पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद सिर और छाती पर लोहे की रॉड से हमला किया। गंभीर हालत में अमनदीप को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी इनोवा कार लेकर फरार हो गए। पत्नी रमनदीप कौर की शिकायत पर पुलिस ने साले प्रदीप सिंह और उसके दोस्त के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
अब इस हत्या के मामले को 6 प्वाइंटों में जानिए
2019 में हुई थी दूसरी शादी, परिवार में सब ठीक था मृतक की पत्नी रमनदीप कौर ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी अमनदीप सिंह से 2019 में हुई थी। दोनों की यह दूसरी शादी थी। रमनदीप ने बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई की है। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र 6 साल और दूसरे की 2 साल है। रमनदीप के मुताबिक, उसके पति की पहली शादी से एक बेटा और एक बेटी है। अमनदीप के अपने पहले परिवार से भी संबंध अच्छे थे। उसका पहला परिवार उनके पुश्तैनी गांव आलमपुर में रहता है। पिता की मौत के बाद शुरू हुआ प्रॉपर्टी विवाद रमनदीप ने बताया कि असली विवाद उसके पिता की मौत के बाद शुरू हुआ। पिता की मौत के बाद परिवार की प्रॉपर्टी उसकी मां स्वर्णजीत कौर के नाम हो गई। मां ने अपनी प्रॉपर्टी का वारिस रमनदीप को बनाया, जबकि उसके भाई प्रदीप को जमीन का वारिस नहीं बनाया गया। रमनदीप का आरोप है कि प्रदीप गलत संगत में पड़ गया था। इसी वजह से वह उससे रंजिश रखने लगा था और प्रॉपर्टी को लेकर विवाद बढ़ता गया। सेक्टर-87 में दो कनाल जमीन, यहीं था प्रॉपर्टी ऑफिस रमनदीप के अनुसार, सेक्टर-87 मोहाली में करीब दो कनाल जमीन है। इसी जमीन पर अमनदीप ने प्रॉपर्टी का दफ्तर बना रखा था। यहां एक फार्म हाउस भी था, जिसका नाम ‘दा एल्ड फार्म हाउस’ रखा गया था। रमनदीप भी रोज इस दफ्तर में आती-जाती थी। भाई दोस्त के साथ फार्म हाउस पहुंचा, प्रॉपर्टी को लेकर बहस रमनदीप ने पुलिस को बताया कि 18 अगस्त की शाम करीब 5:40 बजे उसका भाई प्रदीप सिंह अपने दोस्त के साथ फार्म हाउस पहुंचा। दोनों ने अमनदीप से प्रॉपर्टी को लेकर बहस शुरू कर दी। प्रदीप ने कहा कि उसकी मां की प्रॉपर्टी उसके नाम नहीं होने दी जा रही है। इसके बाद दोनों ने अमनदीप पर हमला कर दिया। अमनदीप जान बचाने के लिए फार्म हाउस के पीछे की तरफ भागे, लेकिन दोनों आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। गले और पीठ पर चाकू से वार, फिर रॉड से हमला रमनदीप के मुताबिक, प्रदीप और उसके दोस्त ने अमनदीप की गर्दन और पीठ पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद प्रदीप के दोस्त ने अमनदीप के सिर और छाती पर लोहे की रॉड से हमला किया। हमले में अमनदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। वे अमनदीप की इनोवा कार नंबर PB-65-AD-0027 भी अपने साथ ले गए। अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हमले के बाद रमनदीप किसी तरह अपने पति को सेक्टर-77 स्थित अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान अमनदीप की मौत हो गई। पुलिस ने रमनदीप की शिकायत के आधार पर प्रदीप सिंह और उसके अज्ञात दोस्त के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी सोहाना के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
Source link

