लुधियाना में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार को कुचला:रॉन्ग साइड से आ रही थी, नंबर प्लेट भी गायब; 45 मिनट देरी से पहुंची एंबुलेंस
लुधियाना के शेरपुर चौक के पास तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार को कुचल दिया। हादसे में साइकिल सवार ट्रॉली के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मामले की जानकारी देते हुए एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रॉन्ग साइड से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में एक साइकिल सवार आ गया। जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना नंबर प्लेट के चल रही थी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। एएसआई ने कहा कि मामले में नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चश्मदीद ने बताई पूरी घटना मौके पर मौजूद चश्मदीद बिंदर ने बताया कि वह शेरपुर चौक पर ड्यूटी कर रहे थे, तभी उन्हें हादसे की जानकारी मिली। उनका कहना है कि दुर्घटना के बाद न तो एंबुलेंस समय पर पहुंची और न ही तुरंत कोई मदद मिली। बाद में वह निजी एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक घायल व्यक्ति दम तोड़ चुका था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और प्रशासन करीब 45 मिनट देरी से घटनास्थल पर पहुंचे। शव सिविल अस्पताल भेजा गया सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
Source link

