विदिशा में दो दिन से हो रही बारिश:हलाली डैम का जलस्तर 20 सेमी बढ़ा, अब तक 624.2 मिमी औसत पानी गिरा
विदिशा जिले में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले दो दिनों से जिले के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। सोमवार को विदिशा शहर में तेज बारिश से सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं। मंगलवार सुबह कुरवाई में भी झमाझम बारिश हुई। लगातार बारिश से जिले के प्रमुख जलस्रोत सम्राट अशोक सागर (हलाली डैम) का जलस्तर भी बढ़ा है। कुरवाई में झमाझम, लटेरी में भी हुई तेज बारिश 25 अगस्त की सुबह तक विदिशा में 40 मिमी, कुरवाई में 24.8 मिमी, गुलाबगंज में 22 मिमी, ग्यारसपुर में 14.5 मिमी और नटेरन में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले रविवार को लटेरी में करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई थी, जिससे निचली बस्तियों और मुख्य बाजार की सड़कों पर पानी भर गया था। सामान्य से 451 मिमी पीछे बारिश 25 अगस्त तक इस मानसून सीजन में जिले में औसतन 624.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जिले की सामान्य औसत वर्षा 1075.5 मिमी है। इस लिहाज से जिला अभी भी सामान्य बारिश से 451.3 मिमी पीछे है। पिछले साल इसी अवधि तक औसत बारिश 952.6 मिमी थी, जो इस बार के आंकड़े से 328.4 मिमी अधिक थी। हलाली डैम का जलस्तर 20 सेमी बढ़ा लगातार बारिश का असर सम्राट अशोक सागर (हलाली डैम) पर भी दिखाई दे रहा है। 25 अगस्त की सुबह 8 बजे डैम का जलस्तर 458.10 मीटर दर्ज किया गया, जबकि 24 अगस्त को यह 457.90 मीटर था। यानी 24 घंटे में जलस्तर 20 सेंटीमीटर बढ़ा है। डैम में वर्तमान में 173.902 एमसीएम पानी है और जलभराव 68.97 प्रतिशत हो गया है। 24 अगस्त को यह 65.43 प्रतिशत था। डैम का फुल टैंक लेवल 459.61 मीटर है, जबकि वर्तमान जलस्तर इससे करीब 1.51 मीटर नीचे है। फिलहाल डैम के पांचों गेट बंद हैं। अगले तीन दिन बारिश के आसार मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक जिले में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। 26 अगस्त को जिले में भारी बारिश होने का अनुमान है। बारिश जारी रहने से जलस्रोतों के जलस्तर में और बढ़ोतरी की उम्मीद है। हालांकि, सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा करने के लिए जिले में अभी अच्छी बारिश की जरूरत बनी हुई है।
Source link

