शाजापुर में घरों पर पत्थरबाजी, लोगों में दहशत:धोबी चौराहे के आसपास दो दिन से गिर रहे ईंट-पत्थर; बाल-बाल बची महिला
शाजापुर कोतवाली थाना क्षेत्र के धोबी चौराहे के पास पिछले दो दिनों से शाम के समय घरों पर ईंट-पत्थर फेंके जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे भी अज्ञात लोगों ने घरों पर पत्थर और टाइल्स के टुकड़े फेंके। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद पत्थरबाजी बंद हो गई। रात में महिला के पास गिरे ईंट-पत्थर, बाल-बाल बची रहवासियों ने बताया कि शुक्रवार रात जब एक महिला घर के बाहर बैठी थी, तभी अचानक ईंट और टाइल्स के टुकड़े आकर गिरे। गनीमत रही कि महिला को चोट नहीं लगी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने छतों और आसपास के इलाके में तलाशी ली, हालांकि आरोपी हाथ नहीं आ सके। दो दिनों से डर के साये में बच्चे और बुजुर्ग स्थानीय निवासी राहुल और भरत ने बताया कि गली में छोटे बच्चे और बुजुर्ग शाम के समय बाहर बैठते हैं। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही पत्थरबाज़ी से पूरे इलाके में डर का माहौल बना हुआ है। रहवासियों ने आशंका जताई कि किसी पर पत्थर लगने से गंभीर हादसा हो सकता था। थाना प्रभारी बोले- पहचान कर करेंगे सख्त कार्रवाई कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला के अनुसार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस तरह की हरकत करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link

