शामली में दूध में मिलावट करने वाले दो गिरफ्तार:ग्रामीणों ने नाली के पानी की मिलावट करते हुए पकड़ा
शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में दूध में मिलावट का मामला सामने आया है। टिटौली फ्लाईओवर हाईवे के पास दूध से भरी एक पिकअप गाड़ी के चालक और परिचालक को खेत की नाली का गंदा पानी दूध की केनों में मिलाते हुए ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पिकअप गाड़ी को कब्जे में ले लिया।घटना सोमवार की बताई जा रही है। दूध में पानी मिलाते हुए पकड़ा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूध से लदी पिकअप सड़क किनारे रुकी थी। इसके बाद चालक और परिचालक गाड़ी से उतरे और खेतों की सिंचाई के लिए बनी नाली से गंदा पानी भरकर दूध की केनों में मिलाने लगे। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को उनकी गतिविधि संदिग्ध लगी। ग्रामीणों ने जब करीब जाकर देखा तो दोनों दूध में पानी मिलाते पाए गए। इसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। दूध की गाड़ी खेत के पास आकर रुकी स्थानीय ग्रामीण जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह अन्य लोगों के साथ खेत में काम कर रहे थे। तभी दूध की गाड़ी खेत के पास आकर रुकी। शक होने पर उन्होंने ध्यान दिया तो देखा कि दो लोग नाली से पानी भरकर दूध की केनों में डाल रहे हैं। ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें रोका और पुलिस को बुलाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक व परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने मिलावट में इस्तेमाल की जा रही पिकअप गाड़ी भी जब्त कर ली है। पुलिस कर रही मामले की जांच प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि वह सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र से कई सौ लीटर दूध लेकर शामली के कंडेला स्थित एक फैक्ट्री में सप्लाई करने जा रहे थे। मौके पर पहुंचे डायल 112 पुलिसकर्मियों ने बताया कि मामले की सूचना संबंधित थाना पुलिस और विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।खाद्य सुरक्षा विभाग से भी जांच कराए जाने की संभावना है।
Source link

