सीधी जिला अस्पताल ICU के 6 शौचालयों में दरवाजे नहीं:बदहाली और गंदगी के बीच संक्रमण का खतरा, मरीज परेशान; कलेक्टर बोले- यह शर्मनाक
सीधी जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में बने 6 शौचालयों में आज तक दरवाजे नहीं लगाए गए हैं। दरवाजों के अभाव में मरीजों और उनके परिजनों को खुले में शौच करने की शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है। इस मामले पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए इसे प्रबंधन की बड़ी लापरवाही और “बेहद शर्मनाक” करार दिया है। बदहाली और गंदगी के बीच संक्रमण का खतरा अस्पताल के आईसीयू वार्ड और उसके ठीक नीचे बने इन शौचालयों में न केवल दरवाजे गायब हैं, बल्कि पानी की भारी कमी और गंदगी का अंबार लगा है। मरीजों के अटेंडरों का कहना है कि स्वच्छता न होने और निरंतर उठती बदबू के कारण गंभीर मरीजों में संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। सुरक्षा और निजता के अभाव के कारण महिला मरीजों को सर्वाधिक कठिनाई हो रही है। रोगी कल्याण समिति के निर्देशों की अनदेखी कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि पूर्व में आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक के दौरान शौचालयों में नए सिरे से दरवाजे लगवाने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि यदि अब तक इन निर्देशों का पालन नहीं हुआ है, तो यह अत्यंत निंदनीय है। कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल सोमवार शाम करीब 5 बजे एक अटेंडर द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति को बिना दरवाजे के शौचालय का उपयोग करते देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद वायु शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। दूसरी ओर, सिविल सर्जन डॉ. एस.बी. खरे ने इस अव्यवस्था पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।
Source link

