सुंदरनगर में BJP का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन:MLA राकेश जमवाल के नेतृत्व में दिया धरना; कहा-रोजगार देने में सरकार नाकाम
सुंदरनगर में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंडल ने कांग्रेस सरकार की नीतियों और बढ़ते आर्थिक बोझ के खिलाफ प्रदर्शन किया। विधायक राकेश जमवाल के नेतृत्व में यह प्रदर्शन रेस्ट हाउस से शुरू हुआ और महाराणा प्रताप चौक, भोजपुर बाजार होते हुए पुराने बस स्टैंड तक पहुंचा। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विधायक राकेश जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले जनता को सुविधाएं और राहत देने की गारंटी देने वाली कांग्रेस अब उन्हीं सुविधाओं को सीमित कर रही है। उन्होंने हिमकेयर और सहारा जैसी योजनाओं को लेकर जरूरतमंदों की परेशानी का जिक्र किया, साथ ही आम और गरीब परिवारों पर लगातार बढ़ रहे आर्थिक बोझ पर चिंता जताई। जमवाल ने आरोप लगाया कि महंगाई से पहले ही त्रस्त जनता पर सरकार नए टैक्स और सेस लगाकर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गारंटियों पर भरोसा कर सत्ता सौंपने वाली जनता आज अपनी मूलभूत सुविधाओं और राहत के लिए सरकार के सामने भटकने को मजबूर है। विधायक ने प्रदेश की सड़क और परिवहन व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने बताया कि बरसात के कारण कई सड़कें बंद हैं, जिससे ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। जंवाल ने बंद सड़कों को जल्द बहाल करने और प्रभावित क्षेत्रों में बस सेवाएं सुचारू करने की मांग की। अस्पतालों में डॉक्टरों और स्टाफ की कमी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राकेश जमवाल ने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों और स्टाफ की कमी, दवाइयों की समस्या और पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव के कारण आम जनता परेशान है। उन्होंने सरकार से घोषणाओं के बजाय अस्पतालों में डॉक्टर, स्टाफ और दवाइयां उपलब्ध करवाने पर ध्यान देने का आग्रह किया। समस्या हल न हुई तो करेंगे आंदोलन भाजपा विधायक ने सरकार से टैक्स और सेस का बोझ कम करने, युवाओं को रोजगार देने, सड़क और परिवहन व्यवस्था बहाल करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग की। जमवाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनविरोधी नीतियों में बदलाव नहीं किया और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो भाजपा आने वाले समय में आंदोलन को और तेज करेगी।
Source link

