हिमाचल के 4 जिलों में भारी ओलावृष्टि का अलर्ट:अगले 6 दिन बारिश के आसार, तापमान में भारी गिरावट, सोलन का पारा 12॰C गिरा
हिमाचल प्रदेश के अधिकांश भागों में बीते 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश और मौसम में बदलाव देखने को मिला। अगले छह दिन भी बारिश जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग (IMD) ने आज कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट दे रखा है। इस दौरान कुछेक क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज तूफान भी चल सकता है। IMD ने मध्यम ऊंचाई वाले कुछेक क्षेत्रों में तेज बारिश का पूर्वानुमान लगाया है, जबकि लाहौल-स्पीति व किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में ओलावृष्टि और तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। कल व परसों (30 अप्रैल और 1 मई को) भी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि व तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है। दो मई को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन इस दिन भी ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले भागों में हल्की बारिश के आसार हैं। मगर तीन और चार मई को फिर से राज्य के ज्यादातर भागों में अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है। इससे अगले पांच-छह दिनों के दौरान तापमान में गिरावट आएगी। तापमान में भारी गिरावट, सोलन का पारा 12 डिग्री लुढ़का बीते कल भी हल्की बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। कई शहरों का तापमान पिछले कल (सोमवार) की तुलना में आज 12 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिरा है। इससे राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री नीचे गिर गया है। सोलन के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 12.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यहां का तापमान गिरकर 20.5 डिग्री सेल्सियस रह गया। सुंदरनगर का पारा 12.0 डिग्री लुढ़कने के बाद 24.5 डिग्री, भुंतर का 10.4 डिग्री गिरने के बाद 24.0 डिग्री, मंडी का 10.4 डिग्री कम होने के बाद 25.6 डिग्री और ऊना का अधिकतम तापमान 9.4 डिग्री नीचे लुढ़कने के बाद 32.6 डिग्री रह गया है। बीते सोमवार को ऊना का तापमान 42 डिग्री पहुंच गया था। पहाड़ों पर सुहावना हुआ मौसम राज्य के अन्य शहरों के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ों पर इससे मौसम सुहावना हो गया है। प्रदेशवासियों ने मौसम में बदलाव के बाद भीषण गर्मी से राहत की सांस ली है। सोलन में 2.2 मिमी, शिमला में 0.4 मिमी, कल्पा में 0.7 मिमी, भुंतर में 0.2 मिमी, मनाली में 1 मिमी और जुब्बड़हट्टी में 2 मिमी बारिश हुई है।
Source link

