हिमाचल में भाजपा का सितंबर में 170 जगह जन आंदोलन:17 संगठनात्मक जिलों में रु1500 को लेकर प्रदर्शन, कांग्रेस की गारंटियों का हिसाब मांगेगी




हिमाचल प्रदेश में विधानसभा सेशन के बीच भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन आंदोलनों का ऐलान किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पार्टी सितंबर में 170 स्थानों पर स्थानीय मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करेगी। इसके अलावा 17 संगठनात्मक जिलों में भी प्रदर्शन कर महिलाओं से जुड़ी गारंटियां उठाई जाएंगी। भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर में सोमवार को प्रदेश स्तरीय बैठकों के बाद बिंदल ने कहा कि अगस्त में पार्टी ने 121 स्थानों पर जन आंदोलन किए। इनमें खराब सड़कों, रुके विकास कार्यों, अधूरी गारंटियों और स्थानीय समस्याओं को मुद्दा बनाया गया था। सितंबर में इन आंदोलनों का दायरा बढ़ाया जाएगा। बिंदल ने कहा कि सितंबर में होने वाले 17 जिला स्तरीय प्रदर्शनों में महिलाओं की समस्याओं और उनसे किए गए चुनावी वादों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले महिलाओं, युवाओं और बेरोजगारों से कई वादे किए थे, लेकिन सरकार करीब चार साल पूरे होने के बावजूद उन्हें पूरा नहीं कर पाई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में करीब 1.07 लाख सरकारी पद खाली हैं। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने सरकारी नौकरी और पेंशन से जुड़ी गारंटियों को पूरा नहीं किया। बिंदल ने कहा कि पार्टी गांव, पंचायत, मंडल और जिला स्तर पर सरकार से उसके वादों का हिसाब मांगेगी। पंचायतों की राशि को लेकर सरकार पर हमला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने 16वें वित्त आयोग से पंचायतों को मिलने वाली राशि के इस्तेमाल को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि वित्त विभाग के निर्देशों के आधार पर बीडीओ पंचायत प्रधानों की बैठकें बुला रहे हैं और 50 प्रतिशत राशि आईपीएच व पीडब्ल्यूडी विभागों को देने के निर्देश दिए जा रहे हैं। भाजपा पंचायतों के अधिकारों के हनन का विरोध करेगी बिंदल ने इसे पंचायतों के वित्तीय अधिकारों में हस्तक्षेप बताया। उन्होंने कहा कि पंचायतों को मिलने वाली विकास राशि का इस्तेमाल स्थानीय जरूरतों और जनहित के कार्यों के लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों के माध्यम से होना चाहिए। भाजपा पंचायतों के अधिकारों के कथित हनन का विरोध करेगी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक हिमाचल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस दौरान सेवा, सामाजिक सरोकार और विकसित भारत-2047 से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को प्रदेशभर में सेवा और विकसित भारत-2047 के संकल्प के कार्यक्रम होंगे। युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा स्वच्छता अभियान, चिकित्सा सेवा, पौधारोपण, जल संरक्षण और अनाथालयों व वृद्धाश्रमों में सेवा जैसे कार्यक्रम किए जाएंगे। बच्चों के लिए ‘मेरा भारत- कैसा था, कैसा है और 2047 में कैसा होगा’ विषय पर पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। महिला कार्यकर्ताओं की ओर से रंगोली समेत अन्य कार्यक्रम होंगे। लॉटरी को लेकर सरकार पर निशाना प्रदेश में लॉटरी शुरू करने के प्रस्ताव को लेकर भी बिंदल ने सुक्खू सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजस्व बढ़ाने के लिए सरकार लोगों के सामाजिक और आर्थिक भविष्य को दांव पर नहीं लगा सकती। बिंदल ने कहा कि लॉटरी के सामाजिक दुष्परिणामों को देखते हुए इसे पहले बंद किया गया था। भाजपा किसी भी कीमत पर हिमाचल में लॉटरी व्यवस्था को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने सरकार से राजस्व बढ़ाने के लिए पर्यटन, उद्योग, निवेश और रोजगार जैसे स्थायी साधनों पर काम करने की मांग की। पार्टी मुख्यालय में हुई मीटिंग में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!