25 महिला वॉलिंटियर्स, सुरक्षा सखियों का हुआ सम्मान:सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत दिया जागरूकता का संदेश
डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस लाइन में ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ के तहत एक संवाद, सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पुलिस का सहयोग करने वाली 25 महिला वॉलिंटियर्स, सुरक्षा सखियों और महिला मित्रों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में संपन्न हुआ। डीडवाना थानाधिकारी ऋतु कुमारी ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। उन्होंने उन्हें महिला अधिकारों, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, कानूनी प्रावधानों और पुलिस सहायता सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। महिला सुरक्षा पूरे समाज की जिम्मेदारी है
ऋतु कुमारी ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, सोशल मीडिया पर उत्पीड़न या पीछा करने जैसी किसी भी घटना की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के तुरंत पुलिस को सूचित करें। कार्यक्रम में राजकॉप सिटीजन ऐप, महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न हेल्पलाइन, साइबर सुरक्षा, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, वरिष्ठ जन संबल योजना, महिला बीट अधिकारी, विशाखा गाइडलाइन और कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की सलाह दी गई।
Source link

