मैहर में शिकायतों के बाद प्राइवेट हॉस्पिटल की जांच:कलेक्टर ने 4 सदस्यीय टीम बनाई; तीन दिन में सौंपेंगे रिपोर्ट
मैहर में संचालित एमएमटी हॉस्पिटल के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी बिदिशा मुखर्जी ने बुधवार शाम जांच के आदेश जारी किए हैं। मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जिसे तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायतों में अस्पताल के बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों और अनिवार्य अनुमतियों के संचालन का आरोप लगाया गया है। इनमें व्यावसायिक भवन अनुज्ञा, फायर सेफ्टी, पर्याप्त पार्किंग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं के अभाव का उल्लेख किया गया है। संबंधित अस्पताल राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित मैहर-कटनी मार्ग पर संचालित है। चार अधिकारियों की टीम करेगी जांच कलेक्टर द्वारा गठित जांच दल में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र कुमार पटेल, प्रभारी सिविल अस्पताल डॉ. आर.एन. पाण्डेय और मुख्य नगरपालिका अधिकारी प्रिंस अग्रवाल को शामिल किया गया है। कलेक्टर ने जांच दल को अस्पताल का स्थल निरीक्षण कर सभी शिकायतों और आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। समिति को तीन दिवस के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करना होगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link

