शिमला में गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 3 की मौत:दो घायल, आग लगने से जले शव; रोजाना दूध लेकर आती थी गाड़ी
शिमला जिले के रामपुर के लालसा पंचायत के शांदल में शुक्रवार देर शाम एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। चिकसा से रामपुर की ओर जा रही एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200-250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद वाहन में आग लग गई थी। मृतकों में ड्राइवर कपिल देव (41) निवासी चिकसा, पुष्पा देवी (67) और उर्मिला देवी (40) निवासी मझाली शामिल हैं। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई और उनके शव आग से जल हुए पाए गए। इस हादसे में राकेश कुमार (39) निवासी चिकसा और लीला देवी (41) घायल हुए हैं। घायल लीला देवी को तुरंत इलाज के लिए खनेरी अस्पताल रामपुर ले जाया गया। गाड़ी में रोजाना दूध आता था स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस की सहायता करते हुए शवों को खाई से सड़क तक पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, यह गाड़ी रोजाना दूध लेकर रामपुर आती थी और हादसे के समय वापस चिकसा की ओर जा रहा थी। पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Source link

