कोटा पुलिस का कोहिनूर 0007 गैंग पर शिकंजा:6 पिस्टल-2 कट्टे के साथ दो तस्कर दबोचे, मध्य प्रदेश से लाते थे हथियार
कोटा शहर पुलिस को अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने में बड़ी सफलता मिली है। बोरखेड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोहिनूर 0007 गैंग से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 देशी पिस्टल, 2 देशी कट्टे और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक पर पहले से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शहर में अवैध गतिविधियों और हथियार तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विशेष टीम का गठन किया गया था। पुख्ता सूचना के आधार पर 14 मार्च को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रोनू उर्फ रोनक निवासी कैथून और लोकेश मीणा निवासी उम्मेदगंज को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी मध्यप्रदेश के इंदौर से हथियार लाकर कोटा शहर और ग्रामीण क्षेत्र के बदमाशों को सप्लाई करने वाले थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर तस्करी की इस खेप को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार लोकेश मीणा कोहिनूर 0007 गैंग का सक्रिय सदस्य है और दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पिछले महीने भी इसी गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हथियार बरामद किए थे और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Source link

