शिवपुरी में हनुमान मंदिर में भंडारे में बवाल:भजन बदलने को लेकर हुआ विवाद,15-20 दबंगों ने लाठी-डंडों से किया हमला; युवक घायल
शिवपुरी जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र के करई गांव में हनुमान मंदिर के पास चल रहे भंडारे में भजन बदलने को लेकर विवाद हो गया। मंगलवार रात करीब 1 बजे कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक का हाथ फैक्चर हो गया। हमलावरों ने नगदी और सामान भी लूटा तथा तोड़फोड़ की। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। ग्राम धुआनी के ग्रामीणों द्वारा मां बलारी मैया मेले के तहत 23 मार्च से करई गांव के हनुमान मंदिर के पास भंडारे का आयोजन किया जा रहा था। 25 मार्च की रात लगभग 1 से 2 बजे के बीच डीजे पर भजन चल रहे थे, तभी ग्राम भगौरा निवासी रिंकू गुर्जर और सतीश गुर्जर अपने 15-20 साथियों के साथ भंडारे स्थल पर पहुंचे। आरोपियों ने लाठी डंडों से हमला किया
गांव के दयालाल धाकड़ के अनुसार, आरोपी डीजे पर बज रहे भजन को बंद करवाकर रसिया गीत चलवाने की मांग कर रहे थे। जब उनकी बात नहीं मानी गई, तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में आकोश धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका हाथ फैक्चर हो गया। उसकी सोने की चेन भी छीन ली गई। हमलावरों ने मुकेश धाकड़ के पास रखे भंडारे के लगभग 30 हजार रुपये भी लूट लिए। इसके अतिरिक्त, भंडारे में रखा अन्य सामान, तेल की कट्टियां भी उठा ले गए और डीजे, लाइट तथा कुर्सियों में तोड़फोड़ की। घटना के दौरान वहां मौजूद अन्य लोग अपनी जान बचाकर भागे। एसपी ऑफिस पहुंचे ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद जब वे सुरवाया थाने पहुंचे, तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया। घायल आकोश धाकड़ को शिवपुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, लूटा गया सामान वापस दिलाने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Source link

