प्रतापगढ़ में एएनटीएफ की कार्रवाई:डोडा पोस्त और अवैध अफीम के साथ दो गिरफ्तार
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने प्रतापगढ़-चित्तौड़गढ़ सीमा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान डोडा पोस्त, अफीम और अवैध शराब बरामद की गई, साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया। यह कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. और महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार के निर्देशन में हुई। एएनटीएफ टीम को निम्बाहेड़ा सदर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल पर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना मिली थी। टीम ने कई दिनों तक गुप्त रूप से निगरानी रखी और पुख्ता जानकारी जुटाई, जिसके बाद होटल पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान होटल से 7.400 किलोग्राम डोडा पोस्त, 70 ग्राम अफीम और 91 अवैध शराब के पव्वे बरामद किए गए। मौके से पकड़े गए दोनों व्यक्तियों को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोनित पुत्र रामरखराम (24) और गिरधारीलाल पुत्र कानाराम (37) के रूप में हुई है। ये दोनों जैसलमेर जिले के लाठी थाना क्षेत्र के धोलिया निवासी हैं। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Source link

