बिजली के लिए मुस्लिम महिलाओं का हंगामा, बुलानी पड़ी पुलिस:बोलीं- बार-बार बिजली कटने और बिल भरने से हो रही परेशानी, मीटर उखाड़ने की चेतावनी दी
कन्नौज में स्मार्ट मीटर के खिलाफ मुस्लिम महिलाओं का गुस्सा भड़क गया। एक्सईएन ऑफिस में पहुंचकर महिलाओं ने जमकर हंगामा किया और चेतावनी दी कि बिजली मीटरों को उखड़वा लो, नहीं तो हम लोग खुद उखाड़कर फेंक देंगे। भीड़ को देखते हुए बिजली अधिकारियों को पुलिस बुलानी पड़ गई। शहर के मकरंदनगर एरिया में बिजली पॉवर हाउस के पास एक्सईएन दफ्तर के बाहर बुधवार दोपहर मुस्लिम महिलाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। यहां महिलाओं ने स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों की शिकायत करनी चाही तो कोई अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हुआ। ऐसे में महिलाओं का गुस्सा भड़क गया और वह लोग एक्सईएन दफ्तर में घुसकर हंगामा करने लगीं। महिलाओं ने बिजली अधिकारियों को खूब खरी-खोंटी सुनाई। यहां महिलाओं की भीड़ को देखते हुए बिजली अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दे दी। जिसके कुछ देर बाद ही पुलिस कर्मी वहां पहुंच गए। उन्होंने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लोग स्मार्ट मीटर हटवाने की जिद पर अड़ी रहीं। बिल चुकाते-चुकाते परेशान हो गए महिलाओं ने आरोप लगाया कि पहले उनके घरों में 1000, 1500 या 2000 तक का बिल हर महीने आता था, लेकिन जबसे स्मार्ट मीटर लग गए तब से बिल चुकाते-चुकाते परेशान हैं। 10 दिन पहले 4000 रुपये जमा किए और फिर बिजली कट गई। पूछने पर जानकारी मिकी कि मीटर रिचार्ज कराओ। अब ऐसे में बच्चों को पालें कि महीने की पूरी कमाई बिजली का बिल अदा करने में खपा दें। महिलाओं का आरोप है कि पहले की अपेक्षा अब बिजली का उपयोग करना भी कम कर दिया, इसके बावजूद बिल कई गुना तक भरना पड़ रहा है। गुस्साई महिलाओं ने बिजली अधिकारियों को चेतावनी दी कि या तो वह लोग स्मार्ट मीटर उखड़वा लें, अन्यथा खुद मीटर उखाड़कर फेंक देंगी और डायरेक्ट बिजली की लाइन जोड़ लेंगीं। जिसको जो करना हो, वो करे। हंगामे के दौरान बिजली दफ्तर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
Source link

