नूंह में आईपीएल पर सट्टे का भंडाफोड़:पुलिस ने रेड कर 6 लोगों को अरेस्ट किया, मोबाइल, कैश और अन्य सामान बरामद
नूंह जिले के तावडू क्षेत्र में पुलिस ने आईपीएल मैच पर सट्टा खिलाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की अपराध शाखा तावडू की टीम ने बुधवार देर रात अनाज मंडी बाइपास के पास दबिश देकर छह आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मौके से मोबाइल फोन, नकदी, एलईडी टीवी और सट्टे का पूरा हिसाब-किताब बरामद हुआ है। पुलिस को सूचना मिली थी कि, पंचगांव निवासी लक्खू अपने साथियों के साथ एक कमरे में बैठकर आईपीएल टी-20 मैच (लखनऊ बनाम बेंगलुरु) पर सट्टा खिला रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई और बताए गए स्थान पर दबिश दी। मोबाइल फोन के जरिए संचालित हो रहा था सट्टा छापेमारी के दौरान कमरे में एलईडी टीवी पर लाइव मैच चल रहा था और आरोपी मोबाइल फोन के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने मौके से लक्खू, रुकमुदीन, साजिद, रमजान सभी पंचगांव निवासी और मोईन व मुबीन निवासी बावला को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 9 मोबाइल फोन, 13 हजार 350 रुपए, एक एलईडी टीवी, सेट-टॉप बॉक्स, दो रजिस्टर और एक नोटबुक बरामद की। नोटबुक में सट्टेबाजों का पूरा लेखा-जोखा दर्ज मिला, जिससे एक बड़े नेटवर्क के संकेत मिल रहे हैं। रैकेट से जुड़े अन्य लोगों को तलाश रही पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी लक्खू ने खुलासा किया कि उसे सट्टे की ऑनलाइन लाइन बुकिंग, सिंगार निवासी फुरकान के मोबाइल नंबर से मिलती थी। बरामद नकदी ग्राहकों द्वारा अग्रिम रूप से लगाई गई सट्टे की रकम बताई जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हरियाणा पब्लिक गैंबलिंग प्रिवेंशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और ऑनलाइन कनेक्शन की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
Source link

