11 मई से चलेगी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन:11 मई से ज्योतिर्लिंगों और अन्य स्थलों का भ्रमण, कोडरमा से भी गुजरेगी ट्रेन
रेल मंत्रालय और आईआरसीटीसी ने ‘देखो अपना देश’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियानों के तहत ‘भारत गौरव पर्यटक ट्रेन’ को फिर से शुरू करने की घोषणा की है। यह विशेष ट्रेन 11 मई से अपनी यात्रा प्रारंभ करेगी, जिसका उद्देश्य यात्रियों को देश के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराना है। इस यात्रा में मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, महाराष्ट्र के त्रयंबकेश्वर और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग, शिरडी के साईं बाबा मंदिर तथा गुजरात के द्वारका धाम और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन भी कराए जाएंगे। द्वारकाधीश धाम मंदिर का भ्रमण भी कर सकेंगे यह ट्रेन ओडिशा के झारसुगुड़ा से रवाना होगी और राउरकेला होते हुए झारखंड के रांची, मुरी, बोकारो, हजारीबाग रोड, कोडरमा से गुजरेगी। इसके बाद, यह बिहार के गयाजी, राजगीर, बिहारशरीफ, पटना, बक्सर और उत्तर प्रदेश के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रुकेगी, जिससे यात्री विभिन्न ज्योतिर्लिंगों, शिरडी साईं बाबा मंदिर और द्वारकाधीश धाम मंदिर का भ्रमण कर सकें। आईआरसीटीसी ने इस यात्रा के लिए एक आकर्षक पैकेज तैयार किया है, जिसमें रेल मंत्रालय द्वारा सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है। यात्रियों के लिए ट्रेन में तीन अलग-अलग श्रेणियों की व्यवस्था की गई है, जिनमें स्लीपर, थर्ड एसी और सेकंड एसी बोगियां शामिल हैं। आईआरसीटीसी रांची के एरिया इंचार्ज अरविंद चौधरी ने बताया कि इस ट्रेन के परिचालन का मुख्य उद्देश्य लोगों को एक साथ देश की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को दिखाना और उनका अनुभव प्रदान करना है। इसी उद्देश्य से इस पर्यटक ट्रेन की शुरुआत की गई है। यह यात्रा 11 दिन और 12 रातों की होगी आईआरसीटीसी ईस्ट जोन के सहायक महाप्रबंधक मोइनक दत्त ने जानकारी दी कि यह यात्रा 11 दिन और 12 रातों की होगी। यात्रा के दौरान ट्रेन से सफर के अलावा मंदिरों के दर्शन, ठहरने के लिए होटल और खाने-पीने का पूरा इंतजाम आईआरसीटीसी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि साइड सीन के लिए वाहन की व्यवस्था भी इसी टूर पैकेज में शामिल है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए ट्रेन के हर कोच में फर्स्ट एड बॉक्स और एक मेडिकल टीम मौजूद रहेगी। इच्छुक यात्री पैकेज कोड के साथ ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।
Source link

