गुमला में वृद्ध की कुल्हाड़ी से हत्या:तंत्र-मंत्र करने के शक में चचेरे भाई ने की वारदात, आरोपी फरार
गुमला जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र के निरासी करचा गांव में अंधविश्वास के चलते एक वृद्ध की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। मृतक 65 वर्षीय गणेश उर्फ गनशा उरांव थे, जिनकी हत्या उनके चचेरे भाई संदीप उरांव ने की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। यह वारदात बीती रात हुई। सूचना मिलने पर बिशनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मंगलवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला भेज दिया। पुलिस आरोपी संदीप उरांव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। झाड़-फूंक का काम करते थे पुलिस की शुरुआती छानबीन और ग्रामीणों के अनुसार, मृतक गणेश उरांव गांव में झाड़-फूंक का काम करते थे। आशंका है कि इसी अंधविश्वास के चलते डायन-बिसाही का आरोप लगाकर उनकी हत्या की गई है। घटना के संबंध में बताया गया है कि आरोपी संदीप उरांव का बच्चा नहीं हो रहा था। वह मानता था कि उसके चचेरे भाई गणेश उरांव ने ही जादू-टोना किया है, जिसके कारण उसे संतान सुख नहीं मिल रहा है। बताया जाता है कि जब मृतक गनशा उरांव गांव से अपने घर लौट रहे थे, तभी संदीप अचानक पीछे से कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा। उसने गनशा पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया। इस घटना के विषय में सीडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने पर आगे का खुलासा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है। क्षेत्र में जमीन विवाद और अंधविश्वास के चलते भी ऐसी हत्याएं होती रही हैं।
Source link

