पांडव कुमार हत्याकांड पर कांग्रेस का राज्य में प्रोटेस्ट:सीवान में PM मोदी का पुतला जलाया, बढ़ते क्राइम पर जताई नाराजगी

पांडव कुमार हत्याकांड पर कांग्रेस का राज्य में प्रोटेस्ट:सीवान में PM मोदी का पुतला जलाया, बढ़ते क्राइम पर जताई नाराजगी




बिहार के युवक पांडव कुमार की दिल्ली में हुई हत्या के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को पूरे राज्य में जोरदार प्रदर्शन किया। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर जिला स्तर पर विरोध-प्रदर्शन आयोजित किए गए। सीवान जिला कांग्रेस कमिटी के नेतृत्व में शहर के जेपी चौक पर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया गया, जहाँ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने “पांडव कुमार को न्याय दो”, “बिहारियों को निशाना बनाना बंद करो”, “पटना रेप पीड़िता को न्याय दो” और “फर्जी मुकदमे वापस लो” जैसे नारों के साथ बढ़ते अपराध पर कड़ी नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की। ‘दिल्ली, केंद्र सरकार और बिहार—तीनों जगह भाजपा की सरकार’ पुतला दहन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली, केंद्र सरकार और बिहार—तीनों जगह भाजपा की सरकार है, इसके बावजूद एक बिहारी युवक की पहचान के आधार पर हत्या हो जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी। किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार सिंह ने पटना रेप पीड़िता के मामले को उठाते हुए कहा कि न्याय की मांग करने वाले कांग्रेस नेताओं पर ही मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जबकि अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने इन मुकदमों को वापस लेने की मांग की। राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ चुका – कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव वहीं कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव ने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ चुका है। दिनदहाड़े हत्याएं और गोलीबारी की घटनाएं आम हो गई हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता की आवाज बनकर इन मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह पांडव कुमार को न्याय दिलाने और राज्य में कानून-व्यवस्था बहाल कराने के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!