औरंगाबाद में बस-ट्रक में टक्कर, 1 की मौत:वाराणसी से रांची जा रही थी गाड़ी, हादसे में 22 लोग हुए घायल; सभी सो रहे थे
औरंगाबाद में बुधवार की सुबह सड़क हादसा हुआ। वाराणसी से रांची जा रही रेखा एक्सप्रेस यात्री बस ट्रक से टकरा गयी। ट्रक सड़क निर्माण कार्य में लगा था। हादसे में एक यात्री की मौत भी हुई है, जबकि करीब 22 लोग घायल हो गए हैं। मृतक की पहचान वाराणसी जिले के राजा तालाब निवासी 35 वर्षीय बाबू विवेक सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि वह एक फार्मा कंपनी में कार्यरत थे और कंपनी के काम से अपने सहयोगी आशु पटेल के साथ रांची जा रहे थे। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के एनएच-19 पर पहारचापी मोड के पास की है। रात दो बजे हुआ हादसा, बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त जानकारी के अनुसार रेखा लग्जरी एक्सप्रेस बस सोमवार की रात करीब 9 बजे वाराणसी से रांची के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार की सुबह लगभग 2 बजे जब बस मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के पास पहुंची, तभी चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। अनियंत्रित बस आगे चल रहे ट्रक से टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के समय अधिकांश यात्री नींद में थे, जिससे कई लोग सीटों से उछलकर घायल हो गए। अनुमान के अनुसार चालक को झपकी आने से एक्सीडेंट हुआ है। हालांकि पुलिस जांच कर रही है।
ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया राहत अभियान, जांच जारी दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कुछ ही देर में मदनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर, सदर अस्पताल औरंगाबाद और अन्य अस्पतालों में भेजा गया। घायलों में वाराणसी निवासी मनेश गुप्ता, संजय राम, मनिकेश सिंह, अमन मिश्रा, दुलारी देवी समेत कई अन्य यात्री शामिल हैं। अधिकांश घायल वाराणसी के शहरी क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। कई घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
मृतक के परिजन को सूचना दी गई है मृतक के सहयोगी आशु पटेल ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक एनएच-19 पर यातायात भी प्रभावित रहा। मदनपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस की जांच रिपोर्ट के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Source link

