शाहनगर-कटनी मार्ग पर कार-बाइक भिड़ंत:घायल युवक की हालत गंभीर, सुगरहा के पास हुआ हादसा
पन्ना जिले के शाहनगर क्षेत्र में सुगरहा के पास शनिवार 9 मई को एक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत में 28 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शी अर्पित शुक्ला (निवासी देवरी) ने बताया कि वे कटनी की ओर जा रहे थे, तभी सुगरहा के पास सामने से आ रही एक चार पहिया वाहन और मोटरसाइकिल में टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घायल युवक की पहचान सुगरहा निवासी विश्राम सिंह (पिता बलदेव सिंह), उम्र लगभग 28 वर्ष के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शाहनगर पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. अमन खान घायल युवक का प्राथमिक उपचार कर रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, युवक को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ। शाहनगर थाना पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों वाहनों की स्थिति का जायजा ले रही है।
Source link

