बूंदी में बारातियों से भरी पिकअप पलटी, किशोर की मौत:8 लोग घायल, 4 गंभीर हालत में बूंदी जिला अस्पताल में भर्ती
बूंदी के नैनवां क्षेत्र में शुक्रवार को बारातियों से भरी एक पिकअप पलट गई। इस हादसे में एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों में से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें बूंदी रेफर किया गया है। यह हादसा बाछोला गांव के पास हुआ, जब टोंक जिले के खातीपुरा गांव निवासी बाराती काकरिया गांव में एक शादी समारोह से अपने गांव लौट रहे थे। पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस ड्राइवर रामबिलास और नर्सिंग स्टाफ रामकेश मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को नैनवां उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सा टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया। अस्पताल में जांच के दौरान खातीपुरा निवासी विकास (15) पुत्र मुकेश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही हेड कॉन्स्टेबल सूरजमल के नेतृत्व में पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजेश, मथरा बाई, रामलाल और मिंटू को प्राथमिक उपचार के बाद बूंदी रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों में खातीपुरा निवासी रामलाल की पुत्रियां लक्ष्मा और सीमा, बडौली निवासी मेनका और राकेश शामिल हैं। पुलिस ने मृतक के शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। कंटेंट: अश्विनी शर्मा नैनवां
Source link

