बालाघाट में दो अलग-अलग हादसों में दो की मौत:प्रसव के बाद महिला ने तोड़ा दम, चलती ट्रेन से गिरा युवक
बालाघाट जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में मलाजखंड क्षेत्र की एक महिला ने प्रसव के 10 दिन बाद पेट दर्द के कारण दम तोड़ दिया। दूसरी घटना में एक युवक ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। टिंगीपुर बाहीटोला निवासी सुनिला पति प्रेमसिंह मरकाम (31) ने शादी के आठ साल बाद एक बेटे को जन्म दिया था। सुनिला और प्रेमसिंह लगभग नौ साल पहले मजदूरी के लिए हैदराबाद गए थे, जहां उन्होंने शादी की और वहीं रहकर मजदूरी करते थे। प्रसव के पांच दिन बाद सुनिला के पेट में दर्द और सूजन शुरू हो गई। पति प्रेमसिंह उसे लेकर गांव आ गए और पहले बिरसा के अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर उसे बिरसा से बालाघाट जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां 15 मई को दोपहर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल पुलिस ने मृतिका का शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। दूसरी घटना विश्रामपुर क्षेत्र की है। भरवेली थाना क्षेत्र के हीरापुर, इमलीटेकरा निवासी कपिल पिता जवाहरलाल भारद्वाज अपने मौसा श्यामलाल बनवारे के साथ घर लौट रहे थे। शुक्रवार को गढ़ा से गोंदिया के बीच चलने वाली ट्रेन से यात्रा के दौरान कपिल ट्रेन से गिर गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल कपिल को जिला अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उनके शव का पोस्टमार्टम अगले दिन किया जाएगा।
Source link

