घर से 50 मीटर दूर फंदे से लटकी मिली नाबालिग:दो दिन पहले प्रेमी संग परिजन ने आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था, लड़की की पिटाई हुई थी
दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार देर शाम 17 साल की नाबालिग का शव फंदे से लटका मिला। मृतका के परिजन ने गांव में ही रहने वाले नाबालिग के प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लड़के ने ही हमारी बेटी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया है। वहीं, घटना के बाद आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। मृतका के भाई के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे उसने गांव के ही 19 साल के सुजीत कुमार को अपनी बहन के साथ जाते हुए देखा था। हालांकि दोनों कुछ दूरी पर थे, इसलिए वह उन्हें रोक नहीं सका। लेकिन देर शाम तक जब मेरी बहन घर वापस नहीं लौटी, तो परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान घर से करीब 50 मीटर दूर जलावन रखने वाली झोपड़ी में युवती का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। 2 साल से चल रहा था नाबालिग और सुजीत का प्रेम प्रसंग ग्रामीण सूत्रों के अनुसार, मृतका और सुजीत कुमार के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के घरों के बीच महज 100 मीटर की दूरी थी। बताया जाता है कि 12 मई को ग्रामीणों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद लड़की के परिजनों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी थी। सूत्रों के मुताबिक, मामले को लेकर 13 मई को गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी। पंचायत में मौजूद लोगों के सामने युवती ने कहा था कि उसने अपनी मर्जी से युवक को बुलाया था। इसके बाद पंचायत में यह सहमति बनी थी कि दोनों एक ही जाति के हैं, इसलिए आने वाले कुछ महीनों में दोनों की शादी करा दी जाएगी। लेकिन पंचायत के अगले ही दिन गुरुवार को युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस बोली- आवेदन मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई करेंगे सूचना मिलने के बाद सकतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से शव को फंदे से उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि युवती का शव घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित जलावन घर में फंदे से लटका मिला था। एफएसएल टीम से जांच कराई गई है। उन्होंने कहा कि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
Source link

