करसोग में मतदान कर्मियों की बड़ी लापरवाही:बैलेट पेपर पर BDC उम्मीदवार का नाम नहीं लिखा, अब नई डेट पर वोटिंग
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के करसोग में मतदान कर्मियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। करसोग के थाच-थर्मी, प्रलोग और मेंडी बीडीसी वार्ड में एक प्रत्याशी का नाम ही बैलेट पेपर नहीं लिखा गया। आज सुबह सात बजे वोटिंग शुरू होने के कुछ देर बाद जब मामला सामने आया तो मतदान कर्मियों ने आनन-फानन में वोटिंग रोक दी। इसके बाद एसडीएम करसोग गौरव महाजन खुद मौके के लिए रवाना हुए। उन्होंने इसकी रिपोर्ट डीसी मंडी को दी। डीसी मंडी ने स्टेट इलेक्शन कमीशन को सूचित किया और बीडीसी का चुनाव बाद में कराने का फैसला लिया। अन्य पांच पदों के लिए वोटिंग दोबारा शुरू कर दी गई। सूचना के अनुसार- बीडीसी उम्मीदवार होशियार सिंह का नाम बैलेट पर नहीं लिखा। जिस जगह उनका नाम लिखा जाना था, उसके पीछे नोटा और आगे कुर्सी का निशान है। अब सवाल बैलेट पेपर की प्रिंटिंग और नाम लेखन पर उठ रहे है। थाच-थर्मी, प्रलोग और मेंडी बीडीसी वार्ड का मामला जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि थाच-थर्मी, प्रलोग और मेंडी पंचायत में बीडीसी की वोटिंग रोक दी गई है। बाकी चार पदों के लिए मतदान जारी है। उन्होंने बताया कि बीडीसी की वोटिंग किसी अन्य तारीख पर बाद में कराई जाएगी, ताकि मतदान पारदर्शी ढंग से संपन्न हो। लेखन कार्य में कोताही बरती गई है डीसी मंडी ने बताया कि इसमें प्रिंटिग में कोई गड़बड़ी नहीं है। लेखन कार्य में कोताही बरती गई है। उन्होंने बताया कि दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी। इस बीडीसी वार्ड में तीन पंचायतें बता दें कि बीडीसी वार्ड में तीन पंचायतें थाच-थर्मी, प्रलोग और मेंडी पड़ती है। इनमें से थाच-थर्मी और प्रलोग में आज वोटिंग चल रही है, जबकि मेंडी पंचायत में 28 मई को वोटिंग होनी है।
Source link

