द्वारकाधीश मंदिर में महादान और सांझी मनोरथ दर्शन:आज होंगे कुंज में फूल फाग एवं गुंजावन मनोरथ
राजसमंद में कांकरोली स्थित श्री द्वारकाधीश मंदिर में पुरुषोत्तम मास के ग्यारहवें दिन बुधवार अधिक ज्येष्ठ शुक्ल एकादशी के अवसर पर ग्वाल दर्शन में महादान मनोरथ एवं शयन दर्शन में सांझी की मनमोहक झांकी सजाई गई। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और भक्त प्रभु की अलौकिक लीलाओं के दर्शन कर भावविभोर हो उठे। श्रृंगार दर्शन में प्रभु का विशेष अलंकरण श्रृंगार दर्शन में प्रभु को हरे ढाक का मुकुट, गुलाबी काछनी, धनक की गुलाबी सूथन, पीताम्बर तथा हीरा-पन्ना के आभूषण धारण कराए गए। प्रभु ने श्वेत ठाड़े वस्त्र और वनमाला से भक्तों को आकर्षित किया। ग्वाल दर्शन में सजा महादान मनोरथ ग्वाल दर्शन से पूर्व रतन चैक में महादान की सुंदर झांकी सजाई गई, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण गोपियों से दही, दूध, माखन और बासुंदी का दान मांगते दिखाई दिए। झांकी में गिरिराज पर्वत, आशापाल पत्तों का गोल द्वार और सिर पर चांदी के घड़े लिए गोपियों का स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। बड़ी संख्या में भक्तों ने इस अलौकिक मनोरथ के दर्शन किए। शयन दर्शन में सजी सांझी की झांकी शाम को शयन दर्शन में रतन चैक में गिरिकंदरा और सांझी सजाई गई। गुलाब और पीले गेंदे के फूलों से पूरे चैक को आकर्षक रूप से सजाया गया। बीच में प्रभु के खेलने के लिए फूलों की सुंदर चैपड़ बनाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। गोस्वामी वागीश कुमार महाराज ने की आरती राजभोग एवं शयन आरती में तृतीय पीठाधीश्वर गोस्वामी वागीश कुमार महाराज ने आरती की। मंदिर के मुखिया, सहायक मुखिया, भीतरिया और झापटियों ने सेवाएं अर्पित कीं। आज होंगे विशेष मनोरथ मंदिर प्रशासन के अनुसार गुरुवार को मंदिर में कुंज में फूलफाग एवं शयन में गुंजावन मनोरथ के दर्शन होंगे।
Source link

