Kanpur MSME Loan | JanSamarth Portal Boost Industries
दीपेंद्र द्विवेदी | कानपुर4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
कानपुर के छोटे और मझोले उद्योगों (MSME) को आर्थिक मंदी और पूंजी संकट से उबारने के लिए सरकार और बैंकों ने संयुक्त पहल शुरू की है। शुक्रवार को सर्वोदय नगर स्थित उद्योग निदेशालय में ‘ECLGS 5.0’ योजना को लेकर एक बड़े जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कानपुर के उद्यमियों तक आसान लोन और वित्तीय सहायता पहुंचाना था, ताकि बंद या धीमी पड़ चुकी औद्योगिक इकाइयों को दोबारा गति मिल सके और नए रोजगार के अवसर तैयार हों।
कार्यक्रम में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के संयोजक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि ECLGS 5.0 योजना MSME इकाइयों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी। उन्होंने बताया कि छोटे उद्योगों को अक्सर कार्यशील पूंजी (वर्किंग कैपिटल) की कमी का सामना करना पड़ता है, जिससे कारोबार प्रभावित होता है। यह योजना ऐसे उद्योगों को वित्तीय मजबूती देने का काम करेगी।
जनसमर्थ पोर्टल से घर बैठे कर सकेंगे आवेदन
कार्यक्रम में वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के अवर सचिव शैलेन्द्र कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और बैंक मिलकर उद्योगों को मौजूदा आर्थिक चुनौतियों से उबारने के लिए पूरी मदद करेंगे।
इस दौरान NCGTC और जनसमर्थ पोर्टल की टीमों ने कारोबारियों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि उद्यमियों को अब लोन के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। पात्र कारोबारी सीधे ‘जनसमर्थ पोर्टल’ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम में मौजूद उद्यमियों के सवालों का मौके पर ही समाधान भी किया गया।
मंच से ही बांटे गए लोन स्वीकृति पत्र और चेक
कार्यक्रम केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मौके पर ही कई उद्यमियों को लोन स्वीकृति पत्र और चेक भी वितरित किए गए। बैंक ऑफ बड़ौदा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और केनरा बैंक के अधिकारियों ने लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंपे। लोन मंजूर होने के बाद उद्यमियों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम में एमएसएमई विकास कार्यालय के निदेशक वी.के. वर्मा, उपायुक्त उद्योग मनोज कुमार चौरसिया और लीड बैंक मैनेजर आदित्य चन्द्र समेत विभिन्न बैंकों और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
उद्यमियों के लिए अपील
अधिकारियों ने MSME कारोबारियों से अपील की कि वे योजना का लाभ उठाने के लिए जनसमर्थ पोर्टल पर आवेदन करें या अपनी नजदीकी बैंक शाखा से संपर्क करें, ताकि कारोबार को नई ऊर्जा मिल सके।

