कोसी नदी में नहाते समय डूबने से किशोर लापता:सुपौल में 4 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, प्रशासन और ग्रामीण तलाश में जुटे

कोसी नदी में नहाते समय डूबने से किशोर लापता:सुपौल में 4 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, प्रशासन और ग्रामीण तलाश में जुटे




सुपौल सदर थाना क्षेत्र के बलवा पंचायत स्थित वार्ड संख्या-8 में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कोसी नदी में नहाने गया 12 वर्षीय किशोर तेज धारा में लापता हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। लापता बालक की पहचान अमरदीप कुमार (12) के रूप में हुई है। वह बलवा पंचायत वार्ड संख्या-8 निवासी सचिन यादव का पुत्र बताया जाता है। मिली जानकारी के अनुसार अमरदीप अन्य बच्चों के साथ कोसी नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक नदी की तेज धारा में बह गया और देखते ही देखते लापता हो गया। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए तथा अपने स्तर से खोजबीन शुरू कर दी। देखते ही देखते इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने नदी के आसपास के क्षेत्रों में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन बालक का कोई पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल-112 की पुलिस टीम तथा अंचल अधिकारी (सीओ) भी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से खोज अभियान शुरू कराया। चार घंटे बाद भी सुराग नहीं मिल पाया था। सुपौल सदर के सीओ ने बताया कि बच्चे की तलाश लगातार जारी है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में खोजबीन कराई जा रही है। इधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में चिंता और मायूसी का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खोज अभियान और तेज करने की मांग की है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा बालक के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!