सीकर में ऑनलाइन सट्टे पर कार्रवाई,4 गिरफ्तार:आरोपियों के पास से एक दर्जन मोबाइल-एटीएम कार्ड सहित अन्य डिवाइस बरामद,मास्टरमाइंड की तलाश कर रही पुलिस
सीकर की DSB ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस ने जॉइंट कार्रवाई करते हुए सीकर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 12 मोबाइल, 12 एटीएम कार्ड सहित अन्य डिवाइस मिली है। फिलहाल पुलिस इनके मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है। एसपी प्रवीण नायक ने बताया कि मामले में चार आरोपी श्रीपाल जाट (27) पुत्र उमाराम जाट निवासी बल्लूपुरा,जयकिशन माली (27) पुत्र खेमाराम माली निवासी जिलिया,दिनेश कुमार जाट (24) पुत्र हनुताराम निवासी तिड़ोकी रोड, धनेश कुमार सैनी (21) पुत्र शिवपाल माली निवासी सिंगरावट को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से एक आईपैड, 12 मोबाइल, दो राउटर, दो बैंक पासबुक, 12 एटीएम कार्ड, तीन पैनकार्ड,दो आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस सहित कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिले हैं। इसके अलावा डायरी और रजिस्टर भी मिला है जिसमें लाखों रुपए का हिसाब है। फिलहाल इसको इन्वेस्टिगेट किया जा रहा है। दरअसल ह्यूमन इंटेलिजेंस से कोतवाली पुलिस थाने की सब इंस्पेक्टर ललिता यादव, हेड कांस्टेबल कल्याण सिंह,कांस्टेबल शुभकरण को सूचना मिली कि शिवशक्ति कॉलोनी में कमलकिशोर सेवदा के मकान की पहली मंजिल पर कुछ लड़के ऑनलाइन सट्टे और इलीगल कामों से जुड़े हुए हैं। इस सूचना पर मकान पर दबिश दी गई तो वहां यह चारों लड़के मिले। इन लड़कों के पास से जो बैंक दस्तावेज मिले हैं वह दूसरे लोगों के नाम पर है। ऐसे में अंदेशा है कि लोगों के खाते किराए पर लेकर आरोपी ऑनलाइन गेमिंग के रुपयों का ट्रांजैक्शन करते थे। अब पुलिस इन अकाउंट को फ्रीज करवाएगी। जानकारी के अनुसार ऑनलाइन गेमिंग का यह खेल 24 घंटे चलता है। 8-8 घंटे की शिफ्ट के हिसाब से आरोपी काम करते थे। आरोपियों से जब कोई नया आदमी जुड़ता तो उसे बुधवार को जॉइनिंग करवाते। इस कार्रवाई में DSB ब्रांच के हेड कांस्टेबल अरविंद और कांस्टेबल शाकिर की अहम भूमिका रही। इसके अलावा टीम में ASI महेश सहित कोतवाली पुलिस थाना और DSB ब्रांच की टीम शामिल रही।
Source link

