City Main Trunk Line Burst
शहर के चार शहर का नाका चौराहे पर पानी की मुख्य ट्रंक लाइन फट गई। इससे सड़क में गहरा गड्ढा हो गया और हजारों लीटर पानी बह गया। इस घटना से कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात भी बाधित रहा।
.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को क्षेत्र में सीवर लाइन निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान गड्ढा खोदते समय मोतीझील से आने वाली ताजे पानी की मुख्य ट्रंक लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। दबाव के कारण लाइन फटने से सड़क पर अचानक तेज फव्वारे की तरह पानी बहने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक तेज आवाज सुनाई दी और सड़क से पानी की मोटी धार निकलने लगी। पानी का दबाव इतना अधिक था कि सड़क के नीचे भी गहरा गड्ढा हो गया और पानी तेजी से सड़क पर फैलने लगा।
यह मुख्य ट्रंक लाइन क्षेत्र में पानी की आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण है, जिससे पानी टंकियों और घरों तक पहुंचाया जाता है। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने तत्काल पानी की आपूर्ति बंद करवाई। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक किया गया। तब तक हजारों लीटर पानी सड़क पर बह चुका था। इस दौरान क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा।
सहायक यंत्री पीएचई आरएस शाक्यवार ने बताया, “सिविल लाइन का काम चल रहा था, इसी दौरान मुख्य ट्रंक लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसे तुरंत दुरुस्त करवा दिया गया है और अब पानी की आपूर्ति सामान्य रूप से चालू है।

