गिरिडीह में युवक का शव फंदे से लटका मिला:प्रेम विवाह के बाद परिवार में विवाद की आशंका, मृतक की पत्नी पर परिजनों ने लगाए आरोप

गिरिडीह में युवक का शव फंदे से लटका मिला:प्रेम विवाह के बाद परिवार में विवाद की आशंका, मृतक की पत्नी पर परिजनों ने लगाए आरोप




गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बोरो हवाई अड्डा के समीप स्थित एक किराए के मकान में 28 वर्षीय पंकज कुमार का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान सीहोडीह निवासी मुन्ना राम के पुत्र के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पचम्बा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रेम विवाह के बाद परिवार में विवाद की आशंका जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार अपनी पत्नी और बच्चे के साथ उक्त किराए के मकान में रहता था। करीब पांच वर्ष पूर्व उसने एक मुस्लिम युवती से प्रेम विवाह किया था, जिससे उसका एक बच्चा भी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की मां सरिका देवी का कहना है कि उनके बेटे की पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर रविवार सुबह पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई, जिसके बाद पंकज ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार घटना के बाद सरिका देवी ने प्रशासन से अपने पोते को उनके संरक्षण में सौंपने की मांग भी की है। उनका कहना है कि बच्चे की सुरक्षा और बेहतर परवरिश के लिए यह जरूरी है। इधर, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!