सांपला में कपड़े की दुकान में लगी आग:शॉर्ट सर्किट की आशंका, लाखों का सामान जलकर राख; दुकानदारों में अफरा-तफरी
रोहतक जिले के सांपला के मुख्य बाजार में शुक्रवार को एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई और लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों के नुकसान की आशंका है। आग की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल फायर विभाग और प्रशासन को सूचित किया गया। बहादुरगढ़, सांपला और रोहतक से फायर विभाग की लगभग आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तहसीलदार-SDM ने लिया जायजा फायर विभाग की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग बुझाने के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। सांपला के तहसीलदार गुलाब सिंह और एसडीएम अंकिता पंवार ने भी घटनास्थल का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा। राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रशासन द्वारा आग से हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा।
Source link

