सीधी में बारिश का पानी घरों में घुसा:अंडरब्रिज बना आफत, रातभर जागते रहे ग्रामीण; घरों में रखा अनाज भीगा

सीधी में बारिश का पानी घरों में घुसा:अंडरब्रिज बना आफत, रातभर जागते रहे ग्रामीण; घरों में रखा अनाज भीगा




सीधी की कुसमी तहसील के भदौरा गांव में गुरुवार देर रात हुई बारिश के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शंकरपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित इस गांव में अंडरब्रिज निर्माण में कथित लापरवाही और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से बारिश का पानी बस्ती और घरों में घुस गया। कई परिवारों को पूरी रात जागकर अपने घरों से पानी निकालना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 12 बजे तेज बारिश शुरू हुई, जिसके बाद अंडरब्रिज के आसपास पानी भर गया। देखते ही देखते यह पानी घरों में प्रवेश करने लगा। शत्रुघ्न जायसवाल और पवन गुप्ता समेत लगभग आठ परिवारों के मकान जलमग्न हो गए। लोगों ने बाल्टियों और अन्य बर्तनों की मदद से रातभर पानी बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन लगातार बारिश के कारण उन्हें राहत नहीं मिल पाई। छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने पूरी रात जागकर बिताई। पानी से घरों में रखा अनाज भीगा बारिश के पानी से घरों में रखा अनाज भीग गया है, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने अब भोजन की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि अंडरब्रिज निर्माण के समय जल निकासी की समुचित व्यवस्था की गई होती, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर एसडीएम सहित संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायतें दी गई हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रेलवे स्टेशन तक जाने वाला मार्ग आज भी अधूरा ग्रामीणों ने यह भी जानकारी दी कि शंकरपुर रेलवे स्टेशन तक जाने वाला पहुंच मार्ग आज भी अधूरा है। बरसात के कारण सड़क की हालत और खराब हो गई है। इससे स्कूली बच्चों को रेलवे पटरी के किनारे से होकर आना-जाना पड़ सकता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस का गांव तक पहुंचना भी मुश्किल हो सकता है। इस मामले पर कुसमी एसडीएम शैलेश द्विवेदी ने बताया कि उन्हें अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत मिलने पर पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!