Jharkhand Rain Alert | Santhal Pargana Heavy Showers; Orange Alert July 13-14

Jharkhand Rain Alert | Santhal Pargana Heavy Showers; Orange Alert July 13-14


रांची15 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अब झारखंड के लगभग सभी जिलों में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 12 जुलाई को जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

वहीं राजधानी रांची सहित अन्य जिलों में पूरे दिन बादल छाए रहने और एक से दो बार हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम में अचानक आए बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत बताई गई है।

13-14 जुलाई को और तेज होगा असर

मौसम विभाग के अनुसार 13 जुलाई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। 14 जुलाई को चतरा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो सहित उत्तर और पूर्वी हिस्सों में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य के 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान जलभराव और यातायात प्रभावित हो सकता है।

राज्य में अब तक 36% कम बारिश

एक जून से 11 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार झारखंड में सामान्य से 36 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि रांची में 13 प्रतिशत की कमी है। रांची में अब तक 263.6 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 308.3 मिमी है।

मेदिनीनगर में 40 प्रतिशत और गढ़वा में 75 प्रतिशत तक बारिश की कमी दर्ज की गई है। हालांकि पिछले 24 घंटों में रांची, बोकारो, धनबाद और जमशेदपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

गुमला में वज्रपात से दो की मौत

गुमला जिले में वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है, जिससे खतरे की गंभीरता स्पष्ट हो रही है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।

किसानों को मौसम को ध्यान में रखते हुए खेती के कार्य करने की सलाह दी गई है। दक्षिणी और पूर्वी झारखंड में आज सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा, जबकि पलामू, गढ़वा और लातेहार में उमस बनी रह सकती है। वहीं रांची, खूंटी और गुमला जैसे जिलों में मौसम सुहावना रहने के आसार हैं।

गढ़वा, चतरा और पाकुड़ में सबसे कम बारिश

झारखंड में 1 जून से 11 जुलाई 2026 तक के वर्षा आंकड़े बताते हैं कि अब तक राज्य में 36 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। गढ़वा में 75 प्रतिशत, चतरा में 66 प्रतिशत और पाकुड़ में 60 प्रतिशत तक की भारी कमी दर्ज की गई है। यहां सूखे जैसे हालात हैं। इसके अलावा देवघर (-52%), गोड्डा (-51%), हजारीबाग (-47%) और गिरिडीह (-41%) जैसे जिलों में भी वर्षा की स्थिति कमजोर बनी हुई है।

वहीं राजधानी रांची में 14 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। दूसरी ओर सिमडेगा (-12%), सरायकेला-खरसावां (-13%) और पश्चिमी सिंहभूम (-22%) जैसे जिलों में बारिश सामान्य के करीब रही है। हालांकि हाल के दिनों में सक्रिय मानसून और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से बारिश में तेजी आने की संभावना जताई गई है।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!