उत्तराखंड बद्नीनाथ धाम चढ़ावा चोरी केस:मंदिर पहुंची SIT; BKTC CEO बोले- CCTV-DVR देने में कोई कमी नहीं, घटना हुई, पुलिस जांच कर रही
उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले की जांच तेज हो गई है। राज्य सरकार की ओर से गठित SIT सोमवार को बदरीनाथ मंदिर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के मुख्य कार्याधिकारी (CEO) सोहन सिंह रांगड़ ने कहा कि समिति की ओर से जांच एजेंसियों को CCTV और DVR रिकॉर्ड उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं रखी गई है।
रांगड़ ने कहा कि जैसे ही मामले की जानकारी समिति को मिली, तत्काल आवश्यक कार्रवाई की गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच पुलिस और SIT कर रही है। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी।
CEO बोले- पहले कभी ऐसा मामला सामने नहीं आया
BKTC CEO ने कहा कि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति लंबे समय से मंदिरों का संचालन कर रही है और इससे पहले इस तरह का मामला कभी सामने नहीं आया। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में एक समय में 15 से 16 CCTV कैमरे संचालित रहते हैं, जिनके जरिए निगरानी की जाती है।
उन्होंने कहा कि समिति के संज्ञान में कोई भी शिकायत आते ही तत्काल कार्रवाई की जाती है। इस मामले में भी सूचना मिलने के बाद जरूरी कदम उठाए गए।
घटना हुई है, जांच एजेंसियां सच्चाई सामने लाएंगी
सोहन सिंह रांगड़ ने कहा कि समिति यह स्वीकार करती है कि घटना हुई है, लेकिन इसकी पूरी सच्चाई अब पुलिस जांच से सामने आएगी। उन्होंने दोहराया कि समिति जांच में पूरा सहयोग कर रही है और सभी जरूरी रिकॉर्ड उपलब्ध कराए गए हैं। बदरीनाथ मंदिर पहुंची SIT
इधर, उत्तराखंड सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल (SIT) भी सोमवार को बदरीनाथ मंदिर पहुंच गया। टीम ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े तथ्यों व साक्ष्यों को जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। SIT मंदिर समिति के अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर सकती है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी कैसे हुई, इसमें किसकी भूमिका रही और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस और SIT की जांच जारी है।
Source link

